झांसी में रील बनाने के चक्कर में पहूज बांध में डूबे बीटेक छात्र ऋषभ समेत उसके ममेरे भाई अभिषेक का शव करीब 13 घंटे बाद डैम के अंदर से बरामद हो गया। सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे उन दोनों का शव गोताखोरों ने बाहर निकाला।
शव निकलते ही वहां मौजूद परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। रविवार शाम थाना प्रेम नगर के खाती बाबा निवासी बीटेक छात्र ऋषभ सिजौरिया (26) अपने ममेरे भाई अभिषेक वर्मा (24) एवं दोस्त शिखर पुत्र शिवकुमार के साथ पिकनिक मनाने पहूज बांध गया था।
शिखर ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना नहीं आता। इस वजह से वह नीचे नहीं गया। उससे ऋषभ और अभिषेक ने रील बनाने को कहा। दोनों बांध के अंदर कुछ दूर बने टापू की ओर जाने लगे।
वह रील बनाता, इसके पहले ही दोनों अचानक से पानी में समा गए। इसके बाद से पुलिस उन दोनों को तलाश रही थी। कल काफी रात तक उनकी तलाश होती रही लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।