न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ी व टीम करेगी प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लॉक जखौरा के विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं 15 नवंबर से उच्च प्राथमिक विद्यालय दैलवारा में होंगी। इसमें न्याय पंचायत स्तर प्रतियोगिता के विजयी खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विजयी होने वाले खिलाड़ी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन पूरे हो जाने के बाद अब द्वितीय चरण ब्लॉक स्तरीय की शुरूआत होगी। खंड शिक्षा अधिकारी जखौरा भुवनेंदु अरजरिया के निर्देशन में खेल शिक्षक-अनुदेशक तैयारियां कराने में जुटे हैं। बालक-बालिका वर्ग में दौड़, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, गोला फेंक, चक्का फेंक, योगासन, समूह गान, एकांकी, अंताक्षरी सहित अन्य खेलकूद होंगे। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि जखौरा ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं कराने के लिए तैयारियां की जा रही है। यह प्रतियोगिताएं उच्च प्राथमिक विद्यालय दैलवारा में कराई जाएंगी। जिसमें विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चे प्रतिभाग करेंगे।