अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दशमोत्तर (कक्षा 11, 12 व यूजी-पीजी) कक्षाओं के छात्रवृत्ति फॉर्म के बायोमैट्रिक सत्यापन कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जनवरी कर दी गई है। तकनीकी खामियों के कारण बायोमैट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहे थे। अंतिम तिथि बढ़ने से छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी।
बीयू एवं संबद्ध कॉलेजों में छात्रवृत्ति के फाॅर्म बायोमैट्रिक से सत्यापित कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी थी। फिर ये सत्यापित फॉर्म विवि व संबद्ध कॉलेज समाज कल्याण विभाग को अग्रसारित करते हैं लेकिन दूसरी तरफ तकनीकी खामी की वजह से कई विद्यार्थियों के सत्यापन नहीं हो पा रहे थे। समय कम होने की वजह से छात्र परेशान थे। बीयू एवं संबद्ध कॉलेजों से फाॅर्म का बायोमैट्रिक सत्यापन पहली बार इसी वर्ष से कराया जा रहा है। किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए समाज कल्याण विभाग बायोमैट्रिक सत्यापित करा रहा है। उधर, समाज कल्याण विभाग ने पूर्व दशम (कक्षा 9 व 10) के छात्रवृत्ति फाॅर्म के बायोमैट्रिक सत्यापन की भी अंतिम तिथि 20 जनवरी तक बढ़ा दी है।
0-वर्जन
पूर्व दशम के छात्रवृत्ति फार्म का बायोमैट्रिक सत्यापन 20 जनवरी और दशमोत्तर के लिए अंतिम तिथि 25 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। - ललिता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी