संवाद न्यूज एजेंसी
भांडेर। मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने बीच बाजार हनुमंतपुरा में फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अफरा-तफरी के बीच बदमाश बेखौफ अंदाज में भाग गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
दीपावली नजदीक होने के चलते हनुमंतपुरा बाजार में इन दिनों भीड़ बढ़ी हुई है। इसी बीच मंगलवार को दोपहर तकरीबन 3.30 बजे बाइक पर सवार तीन बदमाश बाजार में पहुंचे। वह अपने मुंह ढंके हुए थे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता बदमाशों ने पटेल चौराहा से हनुमंतपुरा स्थित शनि देव मंदिर के पास दो राउंड फायरिंग कर दी। बदमाशों ने पहला फायर शनि देव मंदिर के बगल में रमेश जोशी की अंडे की दुकान पर किया। गोली दुकान के आगे रखे काउंटर में छेद करते हुए दुकान के अंदर जा घुसी। वहीं, दूसरा फायर रघुनाथ मंदिर चौराहा पर वीरा मेडीकल स्टोर के पास किया गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। बदमाशों ने फायरिंग किस उद्देश्य से की, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंची थाना प्रभारी कोमल परिहार ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगाले। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।