संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। शुक्रवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है।पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
झांसी से चिरगांव आ रहे एक कंटेनर ने शुक्रवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे चिरगांव में कृष्णा ढाबे के आगे बाइक में टक्कर मार दी। हाइसे में बाइक सवार थाना समथर के ग्राम लावन निवासी 55 वर्षीय परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अशोक घायल हो गया। मृतक के रिश्तेदार अमित ने बताया कि वह दूसरी बाइक से पीछे आ रहा था। उसके अनुसार कंटेनर चालक शराब के नशे में था और उसने रास्ते में एक ट्रैक्टर व एक कार को भी टक्कर मारी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर कंटेनर को रोक लिया व चालक को पकड़कर चिरगांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष राहुल राठौर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।