झांसी। बिजली विभाग द्वारा बकायेदार उपभोक्ताआें के लिए चलाई जा रही एकमुश्त समाधान योजना में मिल रही छूट का लाभ बड़े बकायेदार नहीं ले रहे हैं। बकायेदारों का तर्क है कि यदि उनके पास इतना पैसा होता तो वे अब तक जमा कर देते। कांशीराम कॉलोनी के अधिकांश निवासी बकायेदार हैं। विभाग उनसे पैसा जमा करने को कह रहा है, लेकिन वह पैसा नहीं होने का हवाला देकर अलग हो जाते हैं। ऐसे में विभाग उनसे बकाया जमा नहीं करा पा रहा है।
महानगर में 23,990 बकायेदार हैं। इनमें से अभी तक 8270 बकायेदार अपना बकाया जमा कर चुके हैं और इन्होंने 3.18 करोड़ रुपये से अधिक बकाया जमा कर दिया है। इन्हें 16.81 लाख रुपये की छूट का लाभ मिल चुका है। इनमें से अधिकांश बकायेदार कम दामों वाले हैं, जो अपना बकाया जमा कर रहे हैं। जबकि कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश बकायेदार एक लाख रुपये से अधिक के हैं। यहां पर छह सौ से अधिक कनेक्शन थे, लेकिन बकाया जमा नहीं करने के कारण कनेक्शन काट दिए गए।
इन बकायेदारों का पैसा निकल पाना बहुत मुश्किल लग रहा है, क्योंकि इनके पास जब पैसा मांगने के लिए कर्मचारी जाता है तो एक तो वे मिलते नहीं है, यदि मिल भी जाते हैं तो वह बकाया देने से साफ इंकार कर देते हैं। उनका कहना होता है कि पैसा नहीं है। यदि हम इतने ही पैसे वाले होते तो सरकार हमें मुफ्त आवास क्यों देती। हमारे पास आमदनी का कोई स्थायी जरिया नहीं है। इसलिए सरकार को हमारा बकाया माफ कर देना चाहिए।
झांसी में अच्छी रिकवरी हो रही है। अलीगढ़, मथुरा के बाद झांसी तीसरे स्थान पर चल रहा है। अब तक 40 प्रतिशत लोगों ने अपना बकाया जमा कर दिया हैै।
- डी यादवेंदु
अधिशासी अभियंता