झांसी। नवरात्र उत्सव के दौरान आठ अक्तूबर से वैष्णो देवी दर्शन के लिए भारत दर्शन विशेष पर्यटन ट्रेन चलाई जाएगी। साथ में आगरा, मथुरा, हरिद्वार व ऋषिकेश व अमृतसर का भी भ्रमण कराया जाएगा। इस ट्रेन में प्रति यात्री किराया स्लीपर क्लास में 8505 रुपये व थर्ड एसी में 10,395 रुपये रखा गया है। इस किराए में यात्रियों को चाय, नाश्ता, भोजन व ठहरने का भी इंतजाम होगा। यह ट्रेन झांसी होकर गुजरेगी। बुंदेलखंड के यात्री भारतीय खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट पर टिकट बुक करा सकते हैं।
यह ट्रेन मध्यप्रदेश के रीवा, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, होशंगाबाद, हबीबगंज, विदिशा, गंजबासोदा, बीना, झांसी होकर गंतव्य के लिए रवाना होगी। आठ रातें और नौ दिनों की इस यात्रा में यात्रियों को किराए में चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, ठहरने का इंतजाम और घूमने के लिए बस खर्च भी शामिल रहेगा। टिकट शुल्क में ही यात्रियों के चार लाख रुपये का दुर्घटना इंश्योरेंस भी शामिल रहेगा। कोविड नियमों का पालन होगा। कोच, शौचालय से लेकर यात्रियों के सामन तक को सैनिटाइज किया जाएगा। सैनिटाइजर, मास्क और फेसशील्ड भी श्रद्धालुओं को मुफ्त दिए जाएंगे। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.आईआरसीटीसीटूरिज्म. कॉम पर की जा सकती है। क्षेत्रीय प्रबंधक केके सिंह ने बताया कि इस ट्रेन की बुकिंग प्रारंभ हो गई है।
सात ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए विशेष ट्रेन
सात ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा के लिए विशेष ट्रेन का संचालन 16 अक्तूबर से 28 अक्तूबर तक होगा। इसमें महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, भीमाशंकर, त्रयम्बकेश्वर, घृष्णेश्वर, सोमनाथ एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इस ट्रेन में गोरखपुर, देवरिया सदर, बेलधारा रोड, मऊ, वाराणसी, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर व झांसी से यात्री सवार हो सकेंगे। इसके अलावा द्वारिका में द्वारिकाधीश मंदिर, अहमदाबाद से साबरमती आश्रम, पर्ली बैजनाथ एवं बड़ौदा में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के भी दर्शन कराए जाएंगे। प्रति यात्री पैकेज 12285 रुपये रखा गया है। इस पैकेज में चाय, नाश्ता, भोजन, ठहरने व घूमने के लिए बसों का इंतजाम भी शामिल है।