अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उन्नाव गेट बाहर रहने वाली भजन गायिका मिथिला देवी (54) पत्नी घनश्याम की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर घर लौट रही थीं। बरुआसागर से लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कोतवाली के उन्नाव गेट बाहर जेके मैरिज गार्डन के पास रहने वाली मिथिला भजन गायिका थीं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने एक ग्रुप बना लिया था। ग्रुप के साथ भजन गाने के लिए जाती थीं। रविवार को गुदरी निवासी लक्की और लहरगिर्द निवासी अनमोल वर्मा के साथ प्रोग्राम में शामिल होने बरुआसागर गई थीं। रात करीब साढ़े 11 बजे प्रोग्राम खत्म करके स्कूटी से तीनों लौट रहे थे। जैसे ही वह लोग भाेजपुरा (ओरछा) पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर तीनों सड़क पर जा गिरे। मिथिला के सिर में गहरी चोट आ गई। वह लहूलुहान हो गईं।
लक्की एवं अनमोल भी अचेत हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। कुछ देर बाद मिथिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग अस्पताल जा पहुंचे। परिवार में बेटे नीरज, धीरज और अभिषेक समेत बेटी पूनम हैं। ्