करीब 12 साल से झांसी विकास प्राधिकरण की बेतवा विहार कालोनी के विकसित होने का इंतजार कर रहे आवंटियों के ‘अच्छे दिन’ आने वाले हैं। कालोनी में पार्क, सड़कें व नालियां बनाई जाएंगी, इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका टेंडर बुधवार (आज) को डाला जाएगा।
बूढ़ा गांव में जेडीए ने कालोनी के लिए 38.71 हेक्टेयर जमीन ली थी। इस जमीन पर 914 भूखंड आवंटित किए गए। रजिस्ट्रयां हो गईं, लेकिन अब तक आवंटियों का अपने मकान में रहने का सपना पूरा नहीं हो सका। इसकी वजह यह रही कि यहां पर जेडीए ने न तो सड़कें बनवाईं, न बिजली, न पार्क और न ही नालियों का निर्माण कराया। इससे आवंटियों ने वहां मकान नहीं बनवाए। लगभग एक माह पहले जेडीए के उपाध्यक्ष चंद्रविजय सिंह ने यहां का निरीक्षण कर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में स्टीमेट बनाया गया और टेंडर निकाल दिया गया। कालोनी में सड़कें, पार्क, नालियां और नाले बनाए जाएंगे। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर आज डाले जाएंगे।
किस कार्य पर कितना खर्च होगा
जेडीए की बेतवा विहार कालोनी में नालों का निर्माण किया जाएगा, ताकि जलनिकासी भी बेहतर हो सकेे। यह कार्य 1.25 करोड़ रुपये से कराए जाएंगे। पार्क विकसित होंगे। इनके चारों ओर ग्रिल, हरियाली और बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। इस पर 1.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कों के निर्माण कार्य पर 4.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नाली डिवाइडर व पुलिया पर 97 लाख रुपये खर्च आएगा।
पीपीपी पर चलेगा पंचतंत्र पार्क
जेडीए के पंचतंत्र पार्क को पब्लिक प्राईवेट पार्टनरशिप के आधार पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए भी टेंडर मांगा गया है। जो भी ठेकेदार इसे लेगा, वह दस साल तक इसका मेंटीनेंस करेगा और यहां पर ट्वाय ट्रेन, झूला व वोटिंग की भी सुविधा दी जाएगी।