अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा- 2026 कराने का कार्यक्रम तैयार कर लिया है। फरवरी के पहले सप्ताह से फार्म भरवाए जाएंगे। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रदेशभर में प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने प्रो. एसपी सिंह को स्टेट को-आर्डीनेटर, कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार को राज्य नोडल अधिकारी, प्रो. सौरभ श्रीवास्तव व प्रो. डीके भट्ट व डाॅ. सुनील त्रिवेदी को कंट्रोल रूम प्रभारी पहले ही बना दिया है। अब तय हुआ है कि बीएड प्रवेश परीक्षा के फार्म फरवरी के प्रथम सप्ताह से भरे जाएंगे।
चूंकि गत वर्ष 344546 छात्र-छात्राओं ने फार्म भरे थे, इसलिए इस बार फार्म भरने वालों की संख्या 4.50 लाख पार होने की उम्मीद है। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का लगभग पूरा कार्यक्रम तैयार है। फरवरी के पहले सप्ताह से हर हाल में फार्म भरना शुरू हो जाएगा।