विधानसभा चुनाव में दिए गए वोट के बारे में न बताने पर तीन लोगों ने पांच दिन पहले बड़ागांव थाना क्षेत्र के टांकोरी गांव में एक ग्रामीण की बेरहमी से पिटाई की। इसकी सूचना पुलिस को देने पर दबंगों ने घर में घुसकर लाठियों से पीटकर ग्रामीण को मरणासन्न कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टांकोरी गांव निवासी उर्मिला अहिरवार ने बताया कि पति भगवत अहिरवार (42) खेती-बाड़ी करते थे। छह मार्च को वह अपने पति के साथ गांव से निकल रही थी तभी गांव के अवधेश ने अपने साथियों के साथ आकर उनको रोक लिया। आरोप है कि अवधेश ने उसके पति से पूछा कि किस पार्टी को वोट दिया है। पति ने यह बताने से इंकार कर दिया तो अवधेश भड़क गया और गालियां देने लगा। गालियां देने से मना करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठियों से पति की पिटाई की। किसी तरह उसने पति को बचाया।
पिटाई से भगवत को गले एवं सीने में गंभीर चोटें आईं। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। यह बात अवधेश को पता चली तो वह 9 मार्च को अपने दो साथियों के साथ फिर से उसके घर आ धमका और दोबारा पति को पीटा। इससे पति भगवत की हालत गंभीर हो गई। पति भगवत को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
चुनावी रंजिश के चलते मारपीट की बात मालूम नहीं चली है। भगवत टीबी का मरीज था। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।- राजेश राय, सीओ सदर