झांसी। मारपीट के मामले में बबीना विधायक पर दर्ज मुकदमा फर्जी पाया गया। कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद खारिज कर दिया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। अब पुलिस अदालत मेें रिपोर्ट पेश करेगी।
थाना चिरगांव निवासी अनूप कुमार शिवहरे ने अदालत के आदेश पर बबीना विधायक राजीव सिंह पर एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि बबीना क्षेत्र की एक जमीन अपने नाम दर्ज कराने के नाम पर 9 सितंबर को आवास पर बुलाकर मारपीट की थी। उनको कमरे में भी बंद कर दिया था। अदालत का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। कोतवाली पुलिस को जांच में मारपीट के कोई भी सुबूत नहीं मिले। घटना के समय जो समय एफआईआर में दर्शाया गया था।
सीसीटीवी फुटेज में उस समय विधायक घर पर नहीं थेे। कई साक्ष्य ऐसे मिले हैं, जिनमें मारपीट का मामला ही सामने नहीं आया। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा झूठा पाते हुए खारिज कर दिया है। मुकदमें में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि जांच दौरान मुकदमा झूठा पाए जाने के बाद खारिज कर दिया है। जल्द ही पुलिस मामले की रिपोर्ट अदालत में पेश करेगी।