झांसी। कोतवाली स्थित खंडेराव गेट चौकी के सामने से ही बाइक सवार बदमाश छात्रा का मोबाइल छीनकर भाग निकले। घटना की सूचना के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में दौड़ी, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस सीसीटीवी कैमरोें से बदमाशों का सुराग जुटा रही है।
कोतवाली के नृसिंह राव टौरिया निवासी एडवोकेट हरगोविंद रावत की पुत्री सोनू रावत रविवार की शाम अपने भाई के साथ शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। रात करीब 10 बजे स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थीं। खंडेराव गेट चौकी से निकलते ही पीछे से आए बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल छीन ले गए। छात्रा के चिल्लाने पर लोग बाइक सवार बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन जब तक बदमाश गलियों से होते हुए भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। पिता की तहरीर मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। पचकुईयां के इर्द-गिर्द सक्रिय बाइक सवार बदमाश पहले भी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।