झांसी। नोट घाट पुल पर रविवार की शाम एक व्यक्ति ने बेतवा नदी में छलाग लगा दी। देर रात तक गोताखोर उनकी पानी में तलाश करते रहे। वे कोतवाली क्षेत्र के बाहर ओरछा गेट के रहने वाले बताए गए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के बाहर ओरछा गेट शांति भवन के पास निवासी घनश्याम दास प्राइवेट काम करते हैं। रविवार की शाम वे अपनी मोटर साइकिल से नोटघाट पुल पहुंच गए। वहां से पत्नी को मोबाइल पर कॉल करके उन्होंने बताया कि वे परेशान हैं और आत्महत्या करने जा रहे हैं। कॉल काटने के बाद उन्होंने अपनी मोटर साइकिल खड़ी की। थोड़ी देर में ही उन्होंने बेतवा नदी में छलांग लगा दी। पानी का तेज बहाव होने से वे देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ वक्त बाद परिजन भी आए। गोताखोरों की मदद से उनकी पानी में तलाश शुरू की गई, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।