झांसी। गढ़मऊ-पालर रोड पर कोछाभांवर के पास तहसीलदार की गाड़ी पर हमला करने वाले तीन आरोपी पकड़े गए। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है। तहसीलदार की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर संजीव कुमार मौर्य व तहसीलदार सदर अजय कुमार टीम के साथ थाना बड़ागांव स्थित गढ़मऊ-पालर रोड पर कोछाभांवर के पास भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच बालू से भरे ट्रैक्टर रोकने को लेकर हंगामा हो गया था। आरोप है कि इसके बाद तहसीलदार की गाड़ी पर हमला कर आरोपी ट्रैक्टर लेकर भाग निकले थे। तहसीलदार की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने थाना बड़ागांव के पालर गांव निवासी हर्ष महाराज, अनुराग यादव, छोटू पाल, विनोद, सचिन, नरजी, शिवम, टिल्लू व दो अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की थी। नवाबाद पुलिस ने आरोपी हर्ष महाराज, छोटू पाल व विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।