झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित बालाजी पुरम कॉलोनी के एक घर में बदमाशों ने लूटपाट की नाकाम कोशिश की। बदमाश दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुस पाते, इसके पहले ही कमरे में मौजूद महिला ने शोर मचा दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस अब बदमाशों की तलाश कर रही है।
सीपरी बाजार क्षेत्र में स्थित क्राउन शूज प्रतिष्ठान के संचालक लक्ष्मण दास रमानी बालाजी पुरम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की शाम उनकी बहू मीनाक्षी अपनी दो बेटियों के साथ घर पर मौजूद थीं। परिवार के अन्य सदस्य प्रतिष्ठान पर थे। शाम सात बजे करीब चार बदमाश ऑटो से नंदनपुरा मार्ग पर स्थित एक मॉडल शॉप (शराब की दुकान) के सामने उतरे। चारों ने कॉलोनी के गेट के पास पहुंचने के बाद आपस में जैकेट बदल लीं। इसके बाद दो- दो की संख्या में कॉलोनी के गेट नंबर एक से प्रवेश करने के बाद दूसरे से बाहर निकल गए। थोड़ी देर बाद बदमाशों ने दोबारा कॉलोनी में प्रवेश किया और दीवार फांदकर लक्ष्मण दास रमानी के घर में घुस गए।
घर के अंदर घुसने के लिए दो गेटों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तीसरा गेट तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। आवाज सुनकर अंदर मौजूद मीनाक्षी को शंका हुई। इस पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर होने पर बदमाश उल्टे पांव मौके से भाग गए। इस बात की जानकारी मीनाक्षी ने मोबाइल पर परिजनों को दी। घर पहुंचने पर परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज देखे तो चारों बदमाशों का कारनामा सामने आ गया। सूचना पर डायल 100 के जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस छानबीन करने के बाद मौके से लौट आई। घटना के दिन से ही उक्त परिवार दहशत में है।