झांसी। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, वैसे-वैसे ‘मतदान एक्सप्रेस’ बढ़ती चली गई। जिले में शुरूआती सात घंटों में हुई वोटिंग पर आखिरी पांच घंटे भारी नजर आए। आखिरी एक घंटे में सबसे ज्यादा लगभग सात फीसदी वोटिंग हुई।
जनपद में शुरूआती दो घंटे में महज 7.70 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके बाद 11 बजे तक 19.11 फीसदी मतदान हुआ। फिर दोपहर एक बजे तक 32.86 प्रतिशत तक वोटिंग हो गई। दोपहर तीन बजे तक 48.52, पांच बजे तक 57.41 और शाम छह बजे तक 62.80 फीसदी वोटिंग हुई। दोपहर तक मऊरानीपुर में सबसे तेज मतदान हो रहा था और झांसी नगर में सबसे धीरे। लेकिन, दोपहर एक बजे के बाद स्थिति बदलने लगी। एक से तीन बजे तक दो घंटे गरौठा में सबसे ज्यादा 22 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि, मऊरानीपुर में 15, सदर में 14 और बबीना में साढ़े ग्यारह प्रतिशत के आसपास मतदान हुआ। अंतिम तीन घंटों में बबीना और गरौठा में तेजी से वोट पड़े। सदर का ग्राफ भी बढ़ा लेकिन मऊरानीपुर में वोटिंग कम होने लगी। आंकड़ों पर गौर करें तो शुरूआती सात घंटों में झांसी जिले में 32.86 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि, आखिरी पांच घंटों में करीब 30 प्रतिशत मतदान हुआ। बबीना में अंतिम एक घंटे में 6.80 फीसदी, झांसी नगर में 4.66 प्रतिशत, गरौठा में 4.50 फीसदी और मऊरानीपुर में 4.4 प्रतिशत मतदान हुआ।