फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालीम का तिलिस्म: झांसी में मुफ्ती खालिद से पूछताछ से लेकर एनआईए टीम से धक्का-मुक्की तक, जानें कब क्या हुआ

Fri, 13 Dec 2024 09:03 AM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी झांसी

सार

मुफ्ती खालिद नदवी के घर पर एनआईए और यूपी एटीएस ने छापा मारा था। यहां से उसका लैपटॉप, मोबाइल, बैंक की पासबुक कब्जे में लेकर कई घंटे पूछताछ की।
विज्ञापन
NIA Raid In Jhansi - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑनलाइन दीनी तालीम के जरिये विदेश से मोटी रकम जुटाने के मामले में एनआईए और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार तड़के मुफ्ती खालिद नदवी के घर पर छापा मारा था। यहां से उसका लैपटॉप, मोबाइल, बैंक की पासबुक कब्जे में लेकर कई घंटे पूछताछ की। उसे पुलिस लाइन ले जाने पर निकली टीम को भीड़ ने घेर लिया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर दो घंटे बाद टीम नदवी को लेकर पहले एसएसपी कार्यालय फिर पुलिस लाइन पहुंची। देर शाम उन्हें सशर्त छोड़ दिया गया।

विज्ञापन

मुफ्ती के घर से बाहर निकली एनआईए टीम उनको पुलिस लाइन ले जाने लगी तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध के बीच ही किसी व्यक्ति ने मस्जिद के माइक से एलान कर दिया। एलान होते ही मुफ्ती के समर्थन में लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। 

जमा हुए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाओं ने सड़क पर बैठक कर रास्ता रोक लिया। महिलाओं का आरोप था कि रातभर से पूछताछ करने के बाद भी अफसरों को कोई सबूत नहीं मिला है। अब उनको झूठे मुकद्दमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है। 

हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सिटी रामवीर सिंह समेत कई थानों से पुलिस बल पहुंच गया। इस दौरान मुफ्ती साबिर कासमी ने कई बार लोगों को समझाते हुए कार्रवाई में दखल नहीं देने की बात कही। लोगों को समझाकर मुफ्ती को पुलिस लाइन लाने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करना पड़ी।

अधिकारियों की चुप्पी से भड़का रोष 
मुफ्ती खालिद नदवी के घर के भीतर तकरीबन नौ घंटे की जांच और पूछताछ के बाद बाहर निकले एनआईए के अधिकारियों से लोगों ने दोबारा पूछताछ करने का कारण जानना चाहा। लेकिन अधिकारी कुछ भी बोलने से कतराते रहे। इस दौरान लोगों ने कहा कि जब नौ घंटे तक जांच और पूछताछ हो चुकी है, तो अब पुलिस लाइन ले जाकर पूछताछ करने का औचित्य क्या है। इस बात पर लोगों ने रोष जताया।

मस्जिद में पहुंचते ही पढ़ी नमाज 
एनआईए और एटीएस की कार्रवाई पूरी होने पर मुफ्ती खालिद को जैसे ही बाहर निकाल कर पुलिस लाइन ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लोगों के हुजूम ने विरोध करना शुरू कर दिया। उनको पास ही बनी फातिमा मस्जिद में ले जाया गया। मस्जिद में पहुंचते ही उन्होंने नमाज अदा कर दुआ मांगी। इस दौरान मस्जिद के बाहर पुलिस और स्थानीय लोगों का हुजूम रहा।

लोगों ने पहले समझा बिजली विभाग की कार्रवाई, मस्जिद पहुंचे तो पता लगा 
तड़के 3 बजे अलीगोल के सुपर कॉलोनी इलाके में पहुंची एनआईए, एटीएस और पुलिस टीम को देखकर लोगों ने अंदाजा लगाया कि बिजली की टीम चेकिंग करने आई है। इस दौरान लोगों ने घर के बाहर तक निकलने की जहमत नहीं उठाई। सुबह मस्जिद में फज्र की नमाज पढ़ने निकले लोगों को एनआईए की कार्रवाई की जानकारी हुई।

जानें कब क्या हुआ... पढ़ें टाइम लाइन
रात 2:00 बजे एनआईए टीम मुफ्ती खालिद के चाचा मुफ्ती साबिर के मकान में दाखिल हुई।
तड़के 3:00 बजे मुफ्ती खालिद के घर पहुंचकर टीम ने जांच शुरू की।

सुबह 10:11 बजे टीम ने मकान के भीतर से ही बाहर का जायजा लिया।
पूर्वाह्न 11:27 बजे टीम मुफ्ती खालिद को लेकर मकान से बाहर निकली।

पूर्वाह्न 11:30 बजे लोगों के हुजूम ने मुफ्ती खालिद को साथ ले जाने का विरोध शुरू किया।
पूर्वाह्न 11:36 बजे महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने टीम का रास्ता रोक कर नारेबाजी शुरू की
विज्ञापन

पूर्वाह्न 11:42 बजे मुफ्ती खालिद को पड़ोस की मस्जिद में ले जाया गया।
दोपहर 12:30 बजे टीम गुपचुप तरीके से मस्जिद के पीछे के रास्ते से मुफ्ती खालिद को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें