झांसी। माताटीला गेस्ट हाउस को लेकर चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन सिचांई विभाग को एक सूट देने पर राजी हो गया जबकि दो सूटों के आवंटन का अधिकार प्रशासन के पास ही रहेगा। कुछ समय पहले निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव, सिंचाई को यहां आना था लेकिन, सूट न मिलने से उनको वापस लौट जाना पड़ा। इसके बाद से मामले ने काफी तूल पकड़ लिया।
सिंचाई विभाग के झांसी मंडल के पास माताटीला, सुकुवां ढुकुवा, सपरार समेत अन्य बांधों की देखरेख एवं मरम्मत का काम है। इन जगहों पर विभाग के निरीक्षण गृह भी हैं लेकिन इनका आवंटन जिला प्रशासन के माध्यम से होता है। बारिश के समय यह सभी बांध पिकनिक स्पॉट में तब्दील हो जाते हैं। ऐसे में दूर-दराज से हाईप्रोफाइल लोगों का यहां आना शुरू हो जाता है। यहां होने वाली दारूपार्टियां अकसर चर्चा का केंद्र बनती रही हैं। बाढ़ के समय विशेष सचिव सिंचाई माताटीला बांध आने का कार्यक्रम तय हुआ लेकिन, निरीक्षण गृह के बुक होने से उनको जगह नहीं मिली। इस पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अभियंताओं ने आपत्ति जताई। सिंचाई मंत्री की ओर से भी रिपोर्ट मांगी गई। मामले के तूल पकड़ने के बाद आखिरकार ललितपुर जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने एक्सईएन मो.फरीद को बुलाया। एक्सईएन के मुताबिक एक सूट सिंचाई विभाग को सुपुर्द करने की बात कही गई है।