वायरल, श्वांस की बीमारी के मरीज ज्यादा मिले
झांसी। अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प ‘अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में उनाव गेट अंदर भैरों खिड़की स्थित जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें वायरल, गले की खरांश, श्वांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या काफी मिली। वरिष्ठ डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण दिया। अपने घर के पास में ही शिविर लगा देख लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य शिविर में रविवार की सुबह से ही मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. डीएस गुप्ता, डॉ. मधुर्मय शास्त्री, डॉ. अमित सहगल ने स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद मरीजों को परामर्श दिया। डॉक्टरों ने बताया कि शिविर में सबसे ज्यादा वायरल पीड़ित मरीज दिखाने आए। श्वांस रोगियों की तादाद भी अच्छी थी। इसके अलावा हड्डी रोग के मरीज भी आए। शिविर का हिस्सा बनकर बच्चे से लेकर वृद्ध मरीज तक ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
कई दिनों से बुखार आ रहा था। हाथ-पैर में भी दर्द बना हुआ था। शिविर से लाभ हुआ है। - मंजू, उनाव गेट।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जल्द ही देख लिया। ऐसे शिविर आए दिन लगने चाहिए, जिससे लोगों को फायदा होता है। - गीता, अलीगोल।
चार-पांच दिनों से खांसी और जुकाम से पीड़ित था। शिविर में डॉक्टरों ने बहुत अच्छे से देखा। - परशुराम सोनी, अलीगोल।
बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी। शिविर लगा होने की जानकारी हुई, तो तुरंत बच्चे को डॉक्टर को दिखाया।- शायमा खातून, भैरो खिड़की।