अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सब्जियों पर बुलडोजर चलाने के मामले में शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ता प्रभारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, नगर निगम प्रशासन ने आउटसोर्सिंग कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को नुकसान की क्षतिपूर्ति भी की गई है।
नगर निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सब्जियों पर ही बुलडोजर चला दिया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हर जगह दस्ते की कार्रवाई का विरोध शुरू हो गया था। नगर आयुक्त ने दस्ता प्रभारी ब्रजेश वर्मा को तत्काल पद से हटा दिया था। साथ ही कार्रवाई के लिए शासन को चार्जशीट भेज दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद अब शासन स्तर से भी इस मामले में कार्रवाई की गई है। ब्रजेश वर्मा को शासन से निलंबित कर दिया गया है। इनका मूल पद कर निरीक्षक का है। अब उनके खिलाफ विभागीय जांच के लिए जांच अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
इसके अलावा नगर निगम ने नौ सब्जी विक्रेताओं को बुलडोजर की कार्रवाई के बाद हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति भी कर दी है। विक्रेताओं से चर्चा के बाद चार हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक विक्रेताओं को क्षतिपूर्ति दी गई है।
:::
इन्हें मिली क्षतिपूर्ति
सब्जी विक्रेता नीरज रायकवार, विद्या, सावित्री, शांति, सागर, गुड्डी, सोना, अनुराग रायकवार और राधिका कुशवाहा को नगर निगम की ओर से नुकसान की क्षतिपूर्ति की गई है।
वर्जन..
शासन ने अतिक्रमण रोधी दस्ता प्रभारी रहे ब्रजेश वर्मा को निलंबित कर दिया है। पथ विक्रेता का काम काम देखने वाले आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारी सुदेश सिंह की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। सब्जी विक्रेताओं से चर्चा के बाद नुकसान की क्षतिपूर्ति भी कर दी गई है। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।