झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के नाम पर महाराष्ट्र की एक और युवती से ठगी करने का मामला सामने आया है। खास बात ये है कि जालसाजों ने फरवरी में काउंसलिंग के दौरान ही घटना को अंजाम दिया। फर्जी प्रवेश पत्र थमाकर 20 लाख रुपये ले लिए। परिजन सोमवार को जब मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर महाराष्ट्र की ही एक युवती से ठगी का मामला बीती मार्च में सामने आया था। अब अप्रैल में एक और प्रकरण उजागर हो गया है। अप्रैल में हुए मामले को लेकर प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाले युवती के पास एमबीबीएस की काउंसलिंग शुरू होने से पहले एक युवक का फोन आया था। युवक ने खुद को दिल्ली का निवासी बताया। बोला कि केंद्र सरकार के पूल कोटे से मेडिकल कॉलेज में कुछ सीटों पर प्रवेश होते हैं। झांसी मेडिकल कॉलेज में सीट खाली है। इस कोटे से प्रवेश के लिए 20 लाख रुपये लगेंगे।
युवती फोन पर बातचीत के दौरान युवक के झांसे में आ गई। इसके बाद भी कई बार युवक की युवती और उसके परिजनों से फोन पर बातचीत हुई। फरवरी के पहले सप्ताह में काउंसलिंग के दौरान युवक ने युवती को परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज बुलाया। यहां प्राचार्य कक्ष के सामने ही युवती और उसके परिजनों के साथ फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया। चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक के नाम से फर्जी प्रवेश पत्र थमा दिया।
इसके बाद युवती के परिजनों से 20 लाख रुपये कैश लिए। सोमवार को परिजन प्रवेश लेने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब जाकर उन्हें ठगी का पता चल सका। प्राचार्य के मुताबिक फर्जी प्रवेश पत्र में सेवानिवृत्त डीजी का नाम लिखा हुआ था। परिजन बिना कोई शिकायती पत्र दिए चले गए हैं। उन्होंने पुणे में ही एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
फर्जीवाड़ा करने से पहले अपनाई पूरी प्रक्रिया
कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि एमबीबीएस में सीट आवंटित होने वाले छात्र-छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक के नाम पर डिमांड ड्राफ्ट बनवाना पड़ता है। युवती और उसके परिजनों को शक न हो इसलिए फर्जीवाड़ा करने वाले युवक ने भी डीजी के नाम पर डीडी बनवाई।
पिता बोले-मुझे ठगने वालों को भगवान सजा देगा
प्राचार्य को युवती के पिता ने बताया कि वह व्यापारी हैं। किसी तरह 20 लाख रुपये की व्यवस्था की थी, जो कि जालसाज ने ठग लिए। कहा कि मैंने तो कोरोना काल में लोगों की खूब मदद की। जब मुझे ठगने वाले को भगवान सजा देगा।