संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। बस स्टैंड स्थित कांशीराम कॉलोनी की एक सप्ताह से बत्ती गुल है। मंगलवार को कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बस स्टैंड झांसी-मऊरानीपुर मार्ग पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। जाम के सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
नगर की विद्युतापूर्ति पटरी से उतरी हुई है। कभी किसी मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो जाती है तो कभी किसी इलाके की बत्ती गुल हो जाती है। हाल ही में खादी, मातवाना समेत कई मोहल्लों की विद्युतापूर्ति चार दिनों तक ठप पड़ी रही थी। अब एक सप्ताह से कांशीराम में बिजली नहीं आ रही है। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली न आने की वजह से लोगों को हाल बेहाल बना हुआ है।बिजली विभाग से शिकायत करने के लिए बाद भी कॉलोनी के लोगों को राहत नहीं मिल पाई। इससे गुस्साए लोगों ने मंगलवार की दोपहर बस स्टैंड के पास झांसी-मऊरानीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। लोग सड़क पर बैठकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे सड़क का आवागमन ठप हो गया। सूचना पर मौके पर पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। हालांकि, इस दौरान विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं, इस संबंध में अवर अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि कांशीराम कॉलोनी में विद्युत संयोजन ही नहीं हैं। वहां के निवासियों से वार्ता कर अपने संयोजन का बिल या अन्य प्रपत्र दिखाने को कहा गया है। साथ ही उनसे गरीबी रेखा वाले संयोजन लेने के लिए कहा गया है। इसके बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।