झांसी। भारत ने बांग्ला देश क ी राजधानी ढाका में आयोजित अंडर 18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट को जीत लिया है। जीत में हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद की नगरी के सपूत शिवम आनंद कुशवाहा ने अपना कमाल दिखाया। उन्होंने बृहस्पतिवार को हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ गोल दाग कर विजयी बढ़त दिलाई, तो शुक्रवार को फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ टीम की ओर से पहला गोल किया। भारत ने यह मैच 3-1 से जीता। उन्होंने ओमान के खिलाफ भी हैट्रिक लगाई थी।
बुधवार भारतीय सैनिकों द्वारा सीमापार किए सर्जिकल ऑपरेशन के बाद बृहस्पतिवार को पूरा देश चहक उठा। भारत की अंडर 18 के खिलाड़ियों ने भी इसी दिन ढाका में पाकिस्तान को सेमीफाइनल में हराकर देशवासियों की खुशी दोगुनी कर दी थी। इस खुशी को बढ़ाने में नगर के शिवम आनंद का महत्वपूर्ण रोल रहा। मैच के सातवें मिनट में उन्होंने पहला गोल कर भारत की जीत की राह आसान कर दी। शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश एक गोल से बढ़त लिए था। वहां के डिफेंडरों को छकाते हुए शिवम ने मैदानी गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया था। भारत ने बांग्लादेश को 5-4 से हराया।
इधर जिला हाकी संघ के सचिव सुबोध खंडकर ने कहा कि उन्हें खुशी है कि एक बार फिर नगर में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की पौध तैयार हो चुकी है। जल्द ही शिवम व उनके परिवार का सम्मान किया जाएगा।
फूला नहीं समा रहा परिवार
शिवम की इस कामयाबी पर खुशी से फुले समाए उसके पिता केशवानंद कुशवाहा, मां मधु और उनके परिजनों ने इसका श्रेय मां दुर्गा के अलावा पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सुबोध खंडकर, क ैलाश प्रसाद कोच को दिया। उनके अनुसार लेफ्ट इन पोजीशन में खेलने वाले शिवम ने लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के मैदान मेें एलवीएम हाकी अकादमी द्वारा आयोजित हाकी प्रशिक्षण में खेलकर हॉकी में निखार लाया। शिवम एवं उनके दोनों भाई सौरभ आनंद कुशवाहा जो भारतीय अंडर 18 टीम के सदस्य बतौर ढाका में है, के अलावा ऋषभ आनंद कुशवाहा ने भी वर्ष 2016 में नेशनल हाकी इंडिया चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया था।
आशिक चौराहा निवासी केशवानंद जो देवी जागरण में भजन गाकर परिवार का संचालन करते है के मुताबिक शिवम का पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना मुझे गर्वित करता है। हालांकि बधाई देने के लिए उनका अभी तक शिवम से संपर्क नहीं हो सका है। शिवम वर्तमान में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के छात्र है।