संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। भाजपा की विचारधारा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को टहरौली बार संघ के पूर्व अध्यक्ष शिवमोहन नाथ खरे की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पार्टी संगठन में जमीनी स्तर पर संवाद की कमी और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चिंता जताई गई।
अध्यक्षता करते हुए शिवमोहन नाथ खरे ने कहा कि पिछले दिनों हुई कुछ घटनाओं से सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा है। वर्तमान संगठन जनता के बीच जाकर सरकार और संगठन का पक्ष रखने में असफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन जिन बूथ अध्यक्षों के सहारे बूथ जीतने का दावा कर रहा है, उनमें से अधिकांश को अपनी बूथ कार्यकारिणी में शामिल कार्यकर्ताओं के नाम तक पता नहीं हैं। ऐसे में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जगतपाल मिश्रा ने कहा कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों का पुराने कार्यकर्ताओं और आम जनता से जुड़ाव नहीं रह गया है। पार्टी अपनी इच्छा के अनुसार किसी को भी टिकट दे देती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप टिकट नहीं दिया गया तो वरिष्ठ कार्यकर्ता और समर्थक मतदान से दूरी बनाने का निर्णय लेने को मजबूर होंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान व जिम्मेदारी देने और जनता के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर गौरीशंकर मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष डालचंद्र कुशवाहा, जगतराज चतुर्वेदी, दिनेश परिहार, महेंद्र सिंह बघेल, महावीर समाधिया, मलखान कुशवाहा, रमेश अहिरवार, जगदीश आर्य, मंशाराम अहिरवार, विनोद घोष, लला महाराज, दीपक दुबे, घनाराम कुशवाहा, आत्माराम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।