अल्टीमेटम के बाद भी नहीं हटे अवैध कब्जे
- फोटो : demo
बुधवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा अस्पताल के सरकारी आवासों पर अवैध कब्जा करके बैठे लोगों को बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे तक आवास खाली करने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन शाम तक न तो किसी ने स्वत: आवास खाली किया और न ही कोई खाली कराने पहुंचा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अप्रशिक्षित दाई द्वारा महिला के प्रसव कराने के दौरान नवजात की मौत का मामला उजागर होने के बाद यह बात सामने आई थी कि इस तरह के अनेक बाहरी लोग अस्पताल के सरकारी आवासों में कब्जा जमाए बैठे हैं। लोगों का कहना है कि कई लोग अनधिकृत रूप से यहां बीस वर्ष से रह रहे हैं वे इतनी जल्दी कहां से दूसरे स्थान या मकान की व्यवस्था कर पाएंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में स्थित कई आवासों में अवैध रूप से रह रहे लोगों को हटाने की मांग वर्षों से की जा रही है। लेकिन, स्वास्थ्य विभाग ने शिकायतों को हल्के ढंग से लिया। पिछले दिनों नेहरू नगर बगा मोहल्ला के सैकड़ों लोगों ने आवासों को खाली कराने के लिए पार्षद के साथ नये सिरे से मुहिम चलाई, इसके जवाब में मुख्य चिकित्साधिकारी विनोद यादव ने एक सप्ताह में आवासों को खाली कराने का निर्देश दिया था, लगातार इस तरह की मांग उठने तथा कुछ आवासों में नाजायज तरीके से प्रसव कराने को लेकर अब यह मांग जोर पकड़ रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश के बाद भी अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने आवासों को खाली कराने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में जब उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला का ध्यान आकृष्ट कराया गया तो उनका कहना था कि चिकित्साधीक्षक मऊरानीपुर को निर्देश दिया है कि वे अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर तत्काल आवास खाली कराने की कार्रवाई अमल में लाएं। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक रामनरेश राजपूत का कहना है कि आवास खाली करने के लिए दो दिन का नोटिस दिया गया है। यदि तय सीमा के अंदर आवासों को खाली नहीं किया गया तो पुलिस व प्रशासन के सहयोग से आवासों को खाली कराया जाएगा तथा उसका हर्जा खर्चा भी अवैध रूप से आवासों में रहे लोगों से वसूल किया जाएगा।
डीएम से अनुमति के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में एसडीएम से बात की गई है, उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई के लिए उन्हें जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। सीएमओ होने के नाते मैं स्वयं इस बारे में डीएम से बात करके कब्जे हटवाने की कार्रवाई करूंगा।
विनोद कुमार यादव
मुख्य चिकित्साधिकारी झांसी