झांसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए पहली बार बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाने के बाद जोड़ों को मंडप तक जाने दिया गया। कुल 196 जोड़ों ने एक दूसरे का हाथ थामा, इसमें 17 ने मुस्लिम रीति रिवाज से शादी की।
इस साल सामूहिक विवाह में प्रति जोड़ा खर्च बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। 15 हजार रुपये कार्यक्रम पर और 25 हजार रुपये वर-वधू को सामान व 60 हजार रुपये सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित किया गया। कोछाभांवर के रामराजा गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में जोड़े अपने परिवारजन के साथ पहुंचे। टोकन के हिसाब से दोनों पक्ष के लोगों की भोजन की व्यवस्था की गई थी। सबसे पहले जोड़ों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। इसके बाद विवाह के लिए टोकन और मंडप की व्यवस्था की गई। मंत्र जाप के साथ पंडितों ने वर वधू के सात फेरे करवाए तो दूसरी ओर 17 जोड़ों का इमाम ने निकाह कराया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शादी का उपहार दिया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव ने बताया कि प्रत्येक दुल्हन को गुणवत्तापरक उपयोगी सामान दिया गया। इसमें घरेलू उपयोग की वस्तुएं, रसोई का सामान और चांदी के आभूषण शामिल हैं। कार्यक्रम में एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, उपनिदेशक समाज कल्याण एसएन त्रिपाठी, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री सागर भट्ट मौजूद रहे।
222 ने किया था आवेदन : सामूहिक विवाह के लिए 222 जोड़ों ने आवेदन किया था। लेकिन, 196 मौके पर उपस्थित रहे। जबकि, 26 जोड़े विवाह स्थल पर नहीं पहुंचे।
इन क्षेत्रों से आए जोड़े :
विकासखंड बबीना से 20, बड़ागांव से 15, बामौर से 8, बंगरा से 18, चिरगांव से 9, गुरसराय से 13, मऊरानीपुर से 21, मोठ से 8, नगर निगम झांसी से 62, नगर पालिका परिषद बरुआसागर से 9, चिरगांव से 8, मऊरानीपुर से 3 और गरौठा से 2 जोड़े सामूहिक विवाह में शामिल हुए।