झांसी। बुंदेलखंड विवि प्रशासन ने समता हॉस्टल के 14 छात्रों से क्षतिपूर्ति के 3.50 लाख रुपये वसूलने की तैयारी कर ली है। हॉस्टल से निष्कासित करने का नोटिस शुक्रवार को थमाया जाएगा। क्षतिपूर्ति एवं निष्कासित करने का नोटिस छात्रों के साथ अभिभावकों को भी भेजा जाएगा।
गत बृहस्पतिवार की रात में समता हॉस्टल के छात्रों ने छत पर चढ़कर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ व आगजनी की थी। कुलपति के आदेश पर कुलसचिव ने जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने तोड़फोड़ व आगजनी में करीब 3.50 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया। विवि को हुए नुकसान की भरपाई चिह्नित 14 छात्रों से करने व हॉस्टल से निष्कासन की संस्तुति की। इस पर कुलपति ने अपनी मुहर लगा दी। सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार तक चिह्नित छात्रों के साथ उनके अभिभावकों को नुकसान की भरपाई और हॉस्टल से निष्कासन का नोटिस थमाया जाएगा।
मुख्य गेट पर कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था :
बीयू प्रशासन ने मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। छात्र-छात्राओं को ड्रेस में ही प्रवेश की अनुमति दी गई। जो छात्र बिना ड्रेस के आया उसे परिचय पत्र देखकर प्रवेश करने का अंतिम मौका दिया गया।