अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पंचवटी क्रॉसिंग से उनाव गेट जाने वाला मार्ग लंबे समय बाद बना लेकिन पाइपलाइन डाले जाने के बाद फिर बदहाल हो गया। मार्ग पर कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
उनाव गेट के आसपास रहने वाले लोग रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल ग्वालियर रोड, उनाव-बालाजी, अयोध्यापुरी कॉलोनी आदि जगह जाने के लिए करते हैं। जबकि, पीतांबरा कॉलोनी, थापकबाग, पंचवटी, अयोध्यापुरी, पाल कॉलोनी, महेंद्रपुरी कॉलोनी आदि क्षेत्रों के लोग उनाव गेट और इतवारीगंज, मेवातीपुरा समेत आसपास के इलाकों में इसी मार्ग से आते-जाते हैं। ऐसे में ये नगर के मुख्य मार्गों में शामिल है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई सालों तक जर्जर स्थिति रहने के बाद डेढ़ साल पहले सड़क का निर्माण हुआ था। जब सड़क बनी तो उसके कुछ महीनों बाद पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई शुरू हो गई। अब स्थिति ये है कि कई जगह पर सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। सड़क किनारे नाला की कई स्लैब भी टूटी है। इस मामले में अपर नगर आयुक्त मो. कमर का कहना है कि टीम को मौके पर भेजा जाएगा। जहां गड्ढे और सड़क टूटी होगी, उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। अतिक्रमण की भी चपेट में है मार्ग : पंचवटी क्रॉसिंग से उनाव गेट जाने वाला मार्ग मार्ग 30 फीट से ज्यादा चौड़ा है मगर कई जगह अतिक्रमण होने की वजह से मार्ग संकरा भी हो गया है।