एडीआरएम ने एडीजीपी को लिखा पत्र, घटना को बताया गंभीर
झांसी मंडल की तीन सदस्यीय टीम भी कर रही मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ललितपुर स्टेशन पर टीटीई को उतारकर उससे अभद्रता कर बगैर टीटीई के ट्रेन के रवाना होने के मामले को गंभीर बताते हुए एडीआरएम ने एडीजीपी को पत्र लिखा है। उन्हाेंने ललितपुर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कार्रवाई का अनुरोध किया है। हालांकि, इस मामले की जांच के लिए मंडल स्तर पर तीन सदस्यीय टीम जांच कर रही है।
जबलपुर रेल मंडल के कटनी निवासी टीटीई दिनेश कुमार 30 जून को हीराकुंड एक्सप्रेस लेकर झांसी से रवाना हुए थे। वह एसी कोच में यात्रियों के टिकट जांच रहे थे, तभी एक महिला बेटिकट मिली, जो जीआरपी सिपाही की पत्नी थी। टिकट बनाने की बात सुन ललितपुर जीआरपी के हेड कांस्टेबल संदीप कुमार का टीटीई से विवाद हो गया था। ट्रेन जब ललितपुर पहुंची तो सिपाही ने अपने सहकर्मियों को बुलाकर उसे ट्रेन से उतार लिया और थाने ले गए थे। पीटने का आरोप टीटीई ने जबलपुर पहुंचकर डीआरएम से लगाया था। जबलपुर डीआरएम ने मामले को गंभीरता से लेकर झांसी डीआरएम को घटना से अवगत कराया। झांसी डीआरएम ने तत्काल इस मामले में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। वहीं, एडीआरएम ऑपरेटिंग नंदीश शुक्ल ने इस मामले को गंभीरता से लेकर सिपाही के अलावा इसमें शामिल कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर एडीजीपी को भी पत्र लिखा है। साथ ही अनुरोध कि वह चेतावनी पत्र जीआरपी के लिए जारी करें जिसमें जीआरपी कर्मी या उनके परिजनों को बगैर टिकट यात्रा न करने व इस प्रकार से किसी वजह और कारण के किसी भी रेलवे स्टाफ को न उतारें। वहीं, एडीआरएम ने जीआरपी कर्मियों या उनके परिजनों को बगैर टिकट यात्रा न करने की नसीहत दी है।