संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अनधिकृत रूप से सड़क किनारे खड़ी 18 टैक्सियों और 10 डंपरों पर के शुक्रवार को संभागीय परिवहन विभाग ने चालान किए। इसके साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी जारी की गई है।
सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। 22 नवंबर के अंक में उमर उजाला ने मुद्दा उठाया था। इस पर संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी हरकत में आए और इलाइट सीपरी मार्ग स्थित सीता होटल के सामने खड़ी 18 टैक्सियों (कार) के चालान किए।
इसके साथ ही मेडिकल तिराहा स्थित सर्विस लेन पर खड़े 12 डंपरों के चालान किए। टैक्सी और डंपर चालकों को चेतावनी भी जारी की। इस मौके पर संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पांडेय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हेमचंद्र गौतम, यात्री कर अधिकारी सुरेंद्र कुमार अग्रवाल मौजूद रहे। आरटीओ प्रभात पांडेय ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा।