संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तीकरण के महत्व को पोस्ट ऑफिस की ओर से रेखांकित किया जा रहा है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव एवं अनिश्चितता का सामना कर रही जनता के लिए डाकघर बचत योजनाएं एक मजबूत वित्तीय विकल्प बन सकती हैं। यह बात प्रवर डाक अधीक्षक वरुण मिश्रा ने कही। साथ ही बताया कि महिला सम्मान बचत योजना का लाभ केवल 31 मार्च तक ही लिया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पोस्ट ऑफिस में महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की गई हैं। इन योजनाओं में पोस्ट ऑफिस की बचत योजना, महिला सम्मान बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि शामिल हैं। ये योजनाएं महिलाओं के लिए विशेष लाभ भी प्रदान करती हैं।
उन्होंने योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना 10 वर्ष तक कि बालिकाओं के लिए है। एक वर्ष में न्यूनतम 250 रुपये व अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं। 18 वर्ष पूरे होने पर शिक्षा या शादी के लिए जमा राशि को ब्याज के साथ ले सकते हैंं। वहीं, महिला सम्मान बचत योजना का लाभ सभी उम्र की महिलाओं को मिलेगा। इसमें न्यूनतम एक हजार रुपये व अधिकतम 2 लाख रुपए तक जमा किए जा सकते हैं। इसमें एक वर्ष के बाद 40% धनराशि वापस ले सकते हैं और छह माह के बाद समय पूर्व भुगतान की सुविधा है। इस योजना के तहत 31 मार्च तक ही खाता खुलवाया जा सकता है।