झांसी। ललितपुर क्षेत्र के माताटीला रोड तालबेहट निवासी एक अधिवक्ता सत्येंद्र शरण खरे की रविवार की दोपहर रक्सा के डोंगरी गांव के निकट सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे बाइक से झांसी आ रहे थे। कार की टक्कर से वे हादसे का शिकार हो गए।
ललितपुर क्षेत्र के माताटीला रोड तालबेहट में रहने वाले सत्येंद्र शरण खरे (45) अधिवक्ता थे। वे महाराष्ट्र के नेता रामदास अठावले की भारतीय रिपब्लिक पार्टी के नेता भी थे। रविवार की दोपहर वह बाइक से शिवपुरी हाइवे स्थित गणेश विहार कॉलोनी में रहने वाले अपने साढ़ू अभिषेक खरे के घर आ रहे थे। रक्सा थाना क्षेत्र के डोंगरी गांव के निकट हाइवे पर एक कार सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उनकी जेब में मिले कागजातों की मदद से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। हादसे का पता लगने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।