अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दोस्तों के साथ काम पर निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोस्तों का कहना है कि अचानक से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी अजय यादव उर्फ पप्पू (35) प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम उसके दो दोस्त काम दिलाने के बहाने उसे अपने साथ लेकर गए थे। रात 8:30 बजे उसके एक दोस्त का फोन आया। उसने बताया कि अचानक से अजय की तबीयत बिगड़ गई। उसे लेकर वह लोग मेडिकल अस्पताल पहुंचे। यहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी जा पहुंचे। दोस्तों का कहना है कि भगवंतपुरा के पास वह टॉयलेट करने की बात कहकर गाड़ी से उतरा था। उसी दौरान अचानक से चक्कर आने पर गिरकर बेहोश हो गया। सीओ सिटी रामवीर सिंह का कहना है कि छानबीन में मालूम चला है कि अजय ने शराब पी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसकी मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी। उसके दोस्त ही अस्पताल लेकर आए थे।