झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के गणेशगढ़ मोहल्ला निवासी मोनू वंशकर (44) पुत्र ओमकार को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो जाने से मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गणेश गढ़ निवासी मोनू परिवार के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटता था। शनिवार शाम भाई सोनू के साथ फसल में छिड़काव के लिए दवा खरीदने गया था। दोनों साथ लौट रहे थे। घर में काम होने से सोनू पहले चला आया जबकि मोनू पीछे-पीछे आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है गांव से करीब एक किलोमीटर पहले जैसे ही वह खाती बाबा मंदिर के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन की वह चपेट में आ गया। सड़क पर गिरने से उसके सिर, हाथ एवं पांव में गहरी चोट आ गई। काफी देर तक न लौटने पर सोनू उसे तलाशने पहुंचा। मंदिर के पास मृत हाल में मिला। आशंका जताई जा रही कि पीछे से आए वाहन ने उसे टक्कर मारी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। परिवार में पत्नी आरती समेत एक बेटी और दो बेटियां हैं। रक्सा थाना प्रभारी उदय सिंह के मुताबिक घटना की छानबीन के लिए आसपास के कैमरों को खंगाला जा रहा है।