- कार चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा शव सौंपने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने की सड़क जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। ग्राम घुरैया में घर के बाहर सड़क पर टहलने निकले युवक को कार ने टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। अनियंत्रित कार बिजली के पोल से टकराई, जिसे चालक छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने शव को सौंपने की मांग एवं कार चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर सुबह छह बजे जाम लगा दिया, मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन दिया तब जाकर आधे घंटे बाद जाम खोल दिया।
ग्राम घुरैया निवासी अजय कुमार आर्य (40) परिवार समेत इंदौर में रहकर सिलाई का कार्य करता था। वह सरकारी आवास का कार्य कराने के लिए इस सप्ताह घर आया था। बुधवार रात 11 बजे के लगभग जब घर से बाहर आकर सड़क किनारे टहल रहा था, तभी टहरौली से गुरसराय की ओर तेज गति से जा रही कार ने युवक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय उछलकर गली के अंदर दूर जा गिरा। आवाज सुनकर घरों से बाहर आए ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसआई रामसंजीवन वर्मा ने जांच-पड़ताल की। गली के अंदर घायल मिले अजय को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा लिया गया है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।