झांसी। जिले में कोरोना संक्रमित एक महिला की मौत हो गई है। जबकि, तीन और मामले प्रकाश में आए हैं। हालांकि, जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं, बुंदेलखंड में मंगलवार को जालौन के डॉक्टर और बांदा के कानूनगो समेत कोरोना के 11 मरीज मिले हैं। इसमें जालौन में सर्वाधिक छह और बांदा में कोरोना का एक मरीज मिला है। इसके साथ ही बुंदेलखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 102 पहुंच गई है।
बुंदेलखंड में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसारता जा रहा है। मंगलवार को झांसी में कोरोना वायरस के चार मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 30 पहुंच गई है। मंगलवार को तालपुरा की 40 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसकी सोमवार को मौत हो गई थी। मोहल्ले वालों ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थी। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को बच्चे को जन्म देने वाली एक महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। सूत्राें के मुताबिक एक युवक और एक अन्य महिला में भी संक्रमण की बात सामने आई है।
इसके अलावा जालौन में छह और पॉजिटिव रिपोर्ट आने से यह संख्या 36 पहुंच गई। मंगलवार को आई रिपोर्ट में दो व्यक्ति राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) टीम के सदस्य हैं, जिनमें से एक डॉक्टर (46) कोंच रोड स्थित पटेल नगर और दूसरा पैरामेडिकल स्टाफ (38) उरई के ही सूर्य नगर का रहने वाला है। यह दोनों कोरोना की जांच पड़ताल के लिए गठित आरआरटी (रैपिड रेस्पांस टीम) के भी सक्रिय सदस्य हैं। इसके अलावा कबीरनगर के दो, यामनगर व मंडी का एक-एक कोरोना कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वहीं, बांदा में कानूनगो कोरोना संक्रमित मिला है। 11 नए मामले मिलने के बाद कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 102 पहुंच गया है।
11 मई को तालपुरा निवासी महिला की मौत हो गई थी, उसकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव आई। महिला के परिवार के दस लोगों को भी जांच के लिए ले जाया गया है। एहतियातन क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
- विनोद कुमार मिश्रा, नवाबाद थाना प्रभारी।
ये है आंकड़ा
जिला संक्रमित
जालौन 36
झांसी 30
बांदा 24
चित्रकूट 8
महोबा 2
ललितपुर 1
हमीरपुर 1