अग्रिम पंक्ति में कुर्सी न मिलने से नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यक्रम छोड़कर चले गए। वहीं, नाराज एमएलसी भी कुर्सी को धक्का मारते हुए कार्यक्रम से बाहर निकल गए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
दीनदयाल सभागार में सीएम के कार्यक्रम में मंच पर नेताओं में कुर्सी की खींचतान भी सामने आई। अग्रिम पंक्ति में कुर्सी न मिलने से नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यक्रम छोड़कर चले गए। इसी तरह, सुरक्षा कर्मचारी द्वारा कुर्सी खिसकाने से एमएलसी भी नाराज हुए।
विज्ञापन
सिटिंग व्यवस्था देख नाराज हुए जिला पंचायत अध्यक्ष
सभागार में हुए कार्यक्रम में अग्रिम पंक्ति पर विधान परिषद सभापति के साथ ही चारों विधायकों, तीन एमएलसी के अलावा जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष ग्रामीण और महानगर अध्यक्ष के बैठने की व्यवस्था थी। जबकि, जिला पंचायत अध्यक्ष और मेयर की कुर्सी दूसरी पंक्ति में डाली गई थी। सीएम के आगमन से पहले सभागार पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम मंच पर सिटिंग व्यवस्था देख नाराज हो गए। उन्होंने जिला प्रभारी संत विलास से आपत्ति भी दर्ज कराई। कहा कि उनकी कुर्सी पीछे डाल दी गई है। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष मंच पर मौजूद एक अन्य जनप्रतिनिधि से कुछ बात करने लगे। फिर वो कार्यक्रम छोड़कर चले गए। यह बात भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष आयुक्त सभागार में हुई समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
एमएलसी कुर्सी को धक्का देकर निकले
इसी तरह, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी की कुर्सी अग्रिम पंक्ति में थी लेकिन एक अन्य जनप्रतिनिधि उनके स्थान पर बैठ गए। फिर एमएलसी दूसरी पंक्ति की कुर्सी में बैठे। इसी बीच, सुरक्षा कर्मचारी कुर्सी खिसकाने लगा तो एमएलसी नाराज हो गए। वह कुर्सी को धक्का देकर चले गए। हालांकि, कुछ ही देर बाद वो वापस मंच पर आकर कुर्सी पर बैठ गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।