मुख्य खनिज का जनपद में है भंडार, सर्वे रिपोर्ट की पुष्टि के बाद प्रारंभ होगा दोहन कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र में प्लेटिनम का सर्वे खनिज विभाग ने प्रारंभ कर दी है। ग्राम इकौना, गिदवाहा व पिपरिया क्षेत्र में भूगर्भ वैज्ञानिकों की टीम ने सर्वे कार्य प्रारंभ किया है। सतीश भारतीय की अध्यक्षता में यह वैज्ञानिकों टीम ने सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है।
जनपद में मुख्य खनिजों की भरमार है। हालही में यहां पर आयरन व रॉक की पुष्टि हो चुकी है। इसके ब्लॉक भी आवंटन हो गए हैं। कंपनी ने यहां पर दोहन कार्य प्रारंभ करने के लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है। आयरन व रॉक के बाद अब मड़ावरा क्षेत्र में प्लेटिनम समूह की धातुओं की खोज के भूतत्व वैज्ञानिकों की टीम ने जनपद में डेरा डाल लिया है। पूर्व में यहां पर हुई सर्वे में सहायक भूतत्व वैज्ञानिक गोविंद कृष्ण मौर्य ने अपनी रिपोर्ट में इन खनिजों की संभावना जताई थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में ग्रेनाइट एस टाइप व प्रथम टाइप को वर्गीकृत करते हुए यहां प्लेटिनम समूह के खनिज होने की संभावना व्यक्त की थी। जनपद में इसकी विस्तृत सर्वे के लिए सहायक भूवैज्ञानिक सतीश भारतीय के नेतृत्व में डेरा डाल दिया है। इस टीम सहायक भूवैज्ञानिक आर्य कुमार शर्मा, तकनीकी सहायक सुयश रंजन, आदित्य पांडे शामिल हैं।
जनपद में पाए जाते हैं यह खनिज
जनपद में मुख्य खनिज के रूप में सोना, तांबा, आयरन, जिंक, लेड, डायस्फोर, पाइयरोफ्लाइट, क्वार्ज, रॉक, ग्रेनाइट जैसे खनिज पाए जाते हैं। हालांकि कुछ खनिजों की प्रचुर मात्रा में मौजूद होेने के कारण उनका दोहन हो रहा है, तो वहीं कुछ खनिज आंशिक रूप से मौजूद होने के कारण उनका दोहन नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा वन क्षेत्र में डायस्फोर, पाप्रोफ्लाइट व क्वार्ज होने के कारण इन खदानों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
जखौरा क्षेत्र में तांबा खोज के लिए चल रहा कार्य
विकास खंड जखौरा के ग्राम मैलार में तांबा की खोज का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह कार्य कोलकत्ता की जियावेल कंपनी कर रही है। पूर्व में भी जनपद में तांबा की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन उसके प्रचुर भंडारण की पुष्टि न होने के कारण उसका दोहन प्रारंभ नहीं किया गया। मैलार में चल रही सर्वे रिपोर्ट के बाद यहां की स्थिति का भी पता चल जाएगा।
मड़ावरा क्षेत्र में प्लेटिनम समूह के खनिज तत्वों की संभावना होने के कारण, शासन से आई वैज्ञानिकों की टीम ने सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है। -अमितोष वर्मा, जिला खनिज अधिकारी।