अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर के व्यस्ततम बाजारों और रास्तों पर जर्जर खंभे खड़े हैं। जर्जर जालों का जंजाल भी है। इनसे अनहोनी की आशंका बनी हुई हैं। वहीं, बिजली विभाग एक से 28 फरवरी तक अनुरक्षण माह चला रहा है। दावा है कि जर्जर तार और बिजली के खंभे बदले जा रहे हैं।
विगत गर्मी में शहरवासियों ने बिजली का गंभीर संकट झेला। कहीं ट्रांसफार्मर फुंके तो कहीं तारों में आग लग गई। 18 से 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति न होने से शहरवासियों को सड़क पर उतरना पड़ा था। इस साल की गर्मी में शहरवासियों को दिक्कत न हो, इसके लिए बिजली विभाग समुचित तैयारी करने का दावा कर रहा है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का दावा किया जा रहा है ताकि ओवरलोडिंग पर फुंके नहीं। 28 फरवरी तक व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।
दूसरी तरफ, शहर के व्यस्ततम बाजार रानी महल, बड़ा बाजार, नरिया बाजार, गंदी का टपरा, सिंधी तिराहा, कच्चे पुल के रास्ते आदि जगह पर तारों का जंजाल बना हुआ है। इसके अलावा, गंदी का टपरा, सीपरी बाजार में सांई बाबा के मंदिर पास, कारगिल पार्क के पीछे आदि स्थानों पर जर्जर खंभे लगे हैं।
0-वर्जन
गर्मी में बिजली खपत को देखते हुए अनुरक्षण माह चल रहा है। अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने क्षेत्र के जर्जर तार और खंभों को चिह्नित किया है। अभियान पूरा होने तक व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएंगी। - चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता (शहरी)
उपकेंद्रों की बढ़ाई जाएगी क्षमता
झांसी। बिजली विभाग मुन्नालाल पावर हाउस और मेडिकल उपकेंद्रों के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करने जा रहा है। अधीक्षण अभियंता (देहात) ऐनुल होदा ने बताया कि मुन्नालाल पावर हाउस में 10-10 एमवीए के दो और पांच एमवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा है। अब यहां 10 एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर मार्च तक लगवा दिया जाएगा। इससे सब स्टेशन की क्षमता 35 एमवीए हो जाएगी। वहीं, मेडिकल सब स्टेशन पर 10-10 एमवीए के तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं। यहां अब 10-10 एमवीए के दो और एक 20 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगेगा। चूंकि यहां नई लाइन बिछानी है, इसलिए मई तक ट्रांसफार्मर लगने का काम पूरा होगा।