झांसी। थाना बड़ागांव अंतर्गत दिगारा के पास पत्थर की खदान में नहाते समय एक युवक डूब गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर बुलाए। दो घंटे बाद शव को कड़ी मशक्क्त के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जेे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वह इंटरमीडिएट का छात्र था।
थाना कोतवाली के छनियापुरा मोहल्ला निवासी स्व. इस्माइल का पुत्र फैजल (22) सोमवार दोपहर अपने रिश्तेदारों के साथ बड़ागांव गया था। यहां दिगारा के पास स्थित खदानों में पानी भरा देख सभी नहाने लगे। बताया गया है कि फैजल पानी के गहरे वाले हिस्से की तरफ चला गया। उसे डूबता देख रिश्तेदार घबरा गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक फैजल पानी में समा चुका था। ग्रामीणों ने भी पानी में उतरकर खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने गोताखोर बुलाए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को खोजकर बाहर निकाला जा सका।