अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आतिया ताल से थापकबाग तक बनने वाले लगभग तीन किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण अब नगर निगम कराएगा। जेडीए द्वारा निविदा निकालने के बाद मोड़ बदलने पर एस्टीमेट रिवाइज न होने, कुछ लोगों द्वारा लगातार आपत्तियां दर्ज कराने पर ठेकेदार ने काम करने से इन्कार कर दिया। अब जेडीए ने नगर निगम को ही नाला निर्माण करवाने के लिए सात करोड़ रुपये दे दिए हैं।
बारिश के दौरान मेहंदीबाग, पठौरिया आदि इलाकों में हर साल जलभराव होता है। इसके मद्देनजर नगर निगम ने पिछले साल आतिया ताल से लोहामंडी होते हुए पठौरिया तक नाला निर्माण कराने का निर्णय लिया था। कार्यदायी संस्था को काम कराने के लिए पैसा भी दे दिया था। पत्थर निकलने पर संस्था ने काम बंद कर नगर निगम को पैसा लौटा दिया था। बजट अधिक होने की वजह से नगर निगम ने झांसी विकास प्राधिकरण से नाला निर्माण करवाने की मांग की। जेडीए ने भी निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली। इसी बीच, कुछ लोग घर के सामने से नाला निकलने की बात कहते हुए दिशा बदलने की मांग करने लगे।
निगम प्रशासन ने आतिया ताल से बीकेडी होते हुए सिद्धेश्वर मंदिर के पास से पठौरिया मार्ग पर नाला निर्माण करवाने पर सहमति जताई। ऐसे में नाले की लंबाई बढ़ गई और एस्टीमेट भी रिवाइज नहीं हुआ। ये मुद्दा पार्षद प्रवीण लखेरा ने भी उठाया। कहा कि एस्टीमेट बढ़ाकर जल्द काम पूरा करवाया जाए। दूसरी तरफ, ठेकेदार ने भी पूर्व निर्धारित एस्टीमेट पर काम करने से इन्कार कर दिया। अब जेडीए प्रशासन ने नगर निगम से नाला का निर्माण करवाने के लिए कहा है। साथ ही नगर निगम के खाते में सात करोड़ रुपये भी भेज दिए हैं।
वर्जन..
आतिया ताल से थापकबाग तक बनने वाले नाले के निर्माण के लिए नगर निगम को सात करोड़ रुपये दे दिए गए हैं। तीन करोड़ रुपये बाद में और जारी किए जाएंगे। - आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।
अब इस नाले का निर्माण नगर निगम करवाएगा। जेडीए से नाला निर्माण के लिए पैसा प्राप्त हो गया है। जल्द ही निविदा कराकर काम शुरू करवाया जाएगा। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।