मोंठ। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के पसौया गांव में बृहस्पतिवार शाम विवाहिता ने घर के अंदर गले में फंदा कसकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पसौया गांव निवासी मीना (31) बृहस्पतिवार शाम घर पर अकेली थी। शाम करीब छह बजे उसके ससुर कालीचरण घर पहुंचे तो मीना को कमरे में पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका देखा। उन्होंने उसे नीचे उतारा और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मध्य प्रदेश के ग्राम बड़ेरा सोपान में रहने वाले मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी गई।
विज्ञापन
मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीना की शादी वर्ष 2014 में आसू के साथ हुई थी। उसके दो बेटे हरवंश (12) और अंश उर्फ बाबू (8) हैं। उसके पति मजदूरी करते हैं।
थाना प्रभारी अतुल कुमार लखेरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।