झांसी। जबरदस्त ठंड के चलते लगातार दूसरे दिन झांसी-ललितपुर कांप उठा। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर शीत लहर चली। ठंड के चलते खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत भी हो गई।
पहाड़ों की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने झांसी में गलन बढ़ा दी है। शनिवार को झांसी प्रदेश में सबसे ठंडा शहर था। रविवार को भी न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से झांसी के लोगों की कंपकंपी छूट गई। ललितपुर में भी तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, ललितपुर के थाना पाली अंतर्गत ग्राम दूधई में शंकर (30) पुत्र लाखन सिंह की शनिवार देर रात खेत पर रखवाली करते हालत बिगड़ने से मौत हो गई। थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में थोड़ा इजाफा होने से ठंडक से कुछ राहत मिल सकती है।