झांसी। फूटा चौपड़ा स्थित हरे कृष्ण इस्कॉन मंदिर में 11 अगस्त से 19 अगस्त तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को मंदिर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंदिर अध्यक्ष बृजभूमि दास प्रभु ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन सोमवार को हरीनाम संकीर्तन शोभायात्रा अपराह्न 3 बजे मंदिर से निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। 12 अगस्त से गौर कृष्ण दास प्रभु श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे। 18 अगस्त को जन्माष्टमी पर प्रात: मंगला आरती, श्रृंगार दर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात्रि में भगवान का दिव्य अभिषेक व मध्य रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण जन्म व महाआरती का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को व्यास पूजा महोत्सव में इस्कॉन संस्थापक आचार्य श्रील स्वामी प्रभुपाद का अभिषेक, आरती व संध्या आरती की जाएगी। इस दौरान नंदोत्सव व बधाई गीत गाए जाएंगे। इस अवसर पर करुणा सिंधु दास, नरोत्तम दास अग्रवाल, गंगाराम शिवहरे, अशोक सेठ, मनीष नीखरा, पीयूष रावत, मुकेश सिंघल आदि मौजूद रहे।
झूलन महोत्सव प्रारंभ
झांसी। फूटा चौपड़ा स्थित हरे कृष्ण इस्कॉन मंदिर में बृहस्पतिवार से शुभारंभ हुए चार दिवसीय झूलन महोत्सव में भगवान श्री गौर निताई व श्री राधा कृष्ण के श्री विग्रह का श्रृंगार किया गया।
संध्या आरती के पश्चात भगवान श्री राधा कृष्ण को झूले पर विराजमान किया गया। इस दौरान महिलाओं ने झूला गीत गाए। इस मौके पर बृज भूमि दास ने कहा कि जो भक्त सावन मास में भगवान को झूला झुलाते हैं वह जन्म बंधन से मुक्त हो जाते हैं। इस अवसर पर भारी संख्या में भक्तों ने झूला झुलाकर भगवान के मनोहर स्वरूप के दर्शन किए।