झांसी। महिला से छेड़छाड़ के आरोप में मानिक चौक की एक दुकान में घुसे लोगों ने जमकर मारपीट कर दी, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में व्यापारी एकत्रित हो गए। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। वहीं, दुकान स्वामी ने हमलावरों पर तोड़फोड़ कर लूटपाट का आरोप लगाया। रात को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
यह मामला कोतवाली थानांतर्गत मानिक चौक स्थित एक कपड़े की दुकान का है। हमलावर पक्ष का आरोप है कि उनके परिवार की महिला दुकान पर कपड़े खरीदने के लिए गई थी। जब वह कपड़े पसंद कर रही थी, तभी दुकान के नौकर ने उससे छेड़छाड़ कर दी। उसने तुरंत फोन से परिजनों को सूचना देकर बुलाया लिया। वहीं, दुकानदार का आरोप है कि महिला ने नौकर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। वह दुकान पर बैठे थे, तभी करीब एक दर्जन लोग दुकान के अंदर घुसे और मारपीट करते हुए लूटपाट कर दी। इसके बाद कुछ हमलावर भाग गए और कुछ वहीं हंगामा करने लगे। दुकान के अंदर मारपीट देख बाजार में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। इस दौरान पुलिस को एक दुकान के अंदर लूटपाट की सूचना मिली। इस पर सीओ सिटी कल्याण सिंह कोतवाली के फोर्स को लेकर मौके पर पहुंचे। भीड़ को देख पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पर आ गई। चूंकि, महिला भी व्यापारी परिवार से ताल्लुकात रखती है, इसलिए उनके पक्ष से भी काफी व्यापारी थाने पर पहुंच गए। उप्र. व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय पटवारी, मानिक चौक व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल जैन और विवेक जैन ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समझौता करवाया।