झांसी। सशस्त्र बदमाशों ने रविवार की रात साबरमती एक्सप्रेस की चेन पुलिंग कर पामा व लालपुर स्टेशनों के मध्य स्लीपर कोच के यात्रियों के साथ लूटपाट की। हालांकि, इस दौरान बदमाश सिर्फ एक महिला यात्री के गले से सोने की जंजीर छीनकर ले जाने में सफल रहे । घटना के कारण यात्रियों में हड़कंप मचा रहा।
रविवार रात 2.04 बजे पामा स्टेशन से लालपुर की तरफ बढ़ रही थी, तभी सशस्त्र बदमाशों ने ट्रेन को चेन पुलिंग कर मौके पर रोक लिया। इस दौरान एस टू कोच के दरवाजे पर पहले से घात लगाए खड़े बदमाश ने बर्थ संख्या पर 63 पर सो रहीं महिला यात्री अंकिता यादव (28) के गले पर झपट्टा मारा और सोने की जंजीर खींच ली। महिला अपने पति बृजेश कुमार के साथ शाहजहांपुर से बड़ोदरा के लिए यात्रा कर रही थी। महिला के शोर मचाने पर जगे अन्य यात्री बदमाशों की मौजूदगी के कारण दहशत में आ गए। आनन- फानन में यात्रियों ने स्लीपर व एसी कोचों के दरवाजों को बंद करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक बदमाश ने एस 10 कोच में सवार एक महिला यात्री का बैग छीनने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला द्वारा शोर मचाने के कारण वह बैग ले जाने में सफल नहीं हुए। ट्रेन में तैनात ललितपुर जीआरपी स्क्वाएड के जवान चंद्रभान व अजीत कुमार ने दरवाजे से झांक कर देखा, लेकिन अंधेरे के कारण कोई बदमाश नजर नहीं आया। गार्ड आई ए खान से वॉकी टॉकी पर बात होने पर चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाया। घटना के कारण 32 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। लालपुर स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन के झांसी आने पर यात्रियों ने जीआरपी व आरपीएफ को मामले की जानकारी दी। महिला से मुकदमा लिखाने के लिए उतरने को कहा गया, मगर वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। उसका कहना था कि वह बड़ोदरा पहुंचकर मुकदमा लिखाएगी।
उधर, पुलिस उपमहानिरीक्षक रेलवे डी के राय ने बदमाशों को शीघ्र पकड़ने के आदेश दिए हैं। वहीं, एसपी रेलवे रामबोध के निर्देश पर भीमसेन जीआरपी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 356, 379 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।