झांसी। जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मां बेटी मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अभिभावकों को प्रशिक्षण देकर उन्हें घर पर बच्चों को पढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे। इसके अलावा जूनियर हाईस्कूलों में मीना मंच के तहत होने वाली गतिविधियां फिर से शुरू होंगी। इसके लिए जिला बालिका समन्वयक ने राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ को प्रस्ताव भेजकर पंद्रह लाख रुपये का बजट मांगा है।
जनपद के 532 उच्च प्राथमिक स्कूलों में कराटे का प्रशिक्षण, खेलकूद की गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना तैयार की गई है। जिला बालिका समन्वयक मालती गोस्वामी के अनुसार बालिका शिक्षा नवाचार योजना के तहत जूनियर हाईस्कूलों में मीना मंच, मां बेटी मेला लगवाने की योजना तैयार की गई है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। मां बेटी मेला में विद्यार्थी व उनके परिजन प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान अभिभावकों को घर पर बच्चों को पढ़ाने के तौर तरीके बताए जाएंगे। साथ ही ऑडियो कैसेट के माध्यम से सशक्तीकरण के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।