झांसी। अमर उजाला की अनूठी पहल ‘बेटी ही बचाएगी’ अभियान के तहत शनिवार को सदर तहसील परिसर में आयोजित मैरिज रजिस्ट्रेशन कैंप में एक ही दिन में सबसे अधिक विवाहित जोड़ों के पंजीकरण होने का रिकार्ड कायम हुआ। इस दौरान भारी संख्या में लोगों ने शपथ पत्र भरकर बेटी के हक में शपथ ली।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी (सदर) भगवान शरण ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की घटती संख्या चिंता का विषय है। इस पर यदि अभी काबू न पाया गया तो भविष्य में परिणाम बेहद घातक होंगे। एसडीएम ने विवाह पंजीकरण की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि तहसीलदार (सदर) राजेंद्र बहादुर व हिंदू विवाह पंजीयन अधिकारी सुभाष मिश्रा ने भी विचार प्रकट किए। नायब तहसीलदार आर के शुक्ला व प्रीति जैन ने तहसील कर्मचारियों को बेटी के हक में शपथ दिलाई।
इस दौरान शादी के पंजीकरण के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कैंप में शुरुआत से ही भीड़भाड़ रही। अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए शिविर में 118 लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 58 ने अपने आवेदन पत्र हिंदू विवाह पंजीयन अधिकारी प्रथम व द्वितीय के कार्यालयों में प्रस्तुत किए, लेकिन जांच के दौरान 27 लोगों की औपचारिकताएं ही पूर्ण पाई गईं, जिनका ब्योरा सरकारी अभिलेखों में दर्ज किया गया। शेष बचे आवेदकों को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। आवेदकों की आवेदन संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण कराने में तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष केशवकांत शर्मा की अगुवाई में सचिव सुरेश टिकरया, नरेंद्र अग्रवाल, कमलेश यादव, हरी शुक्ला आदि अधिवक्ताओं ने सहयोग किया।
अधिवक्ता संघ का मिलेगा सहयोग
झांसी। बेटी ही बचाएगी अभियान के तहत लगाए गए मैरिज रजिस्ट्रेशन कैंप में विवाह के पंजीकरण कराने वालों को तहसील अधिवक्ता संघ द्वारा नि:शुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाएगी। संघ के अध्यक्ष केशव कांत शर्मा ने बताया कि इसके लिए लोग कभी भी उनसे संपर्क कर सकते हैं।
बेटी के बगैर समाज का तानाबाना अधूरा
झांसी। अमर उजाला की अनूठी पहल ‘बेटी ही बचाएगी’ अभियान के तहत शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले दर्जनों कर्मचारियों ने बेटी के हक में शपथ ली।
बेतवा भवन में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने कहा कि बेटियां समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के झंडे गाड़ रही हैं। समाज का तानाबाना भी बेटियों के बगैर अधूरा है। बावजूद, समाज के एक बहुत बड़े तबके में वह उपेक्षित हैं। उक्त अभियान लोगों की बेटियों के प्रति सोच बदलने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस दौरान राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय सचिव दिनेश भार्गव के नेतृत्व में दर्जनों कर्मचारियों ने शपथ पत्र भरकर बेटी के हक में शपथ ली। इस मौके पर मिथलेश दुबे, ग्यासीलाल, दिनेश त्रिगुनायक, रामजी तिवारी, सतीश वर्मा, रामबाबू गुप्ता, भूपेंद्र निरंजन, विष्णु शर्मा, रामनारायण शर्मा, किरन चौधरी, पंकज कौशिक, हरगोविंद झा, टीकाराम राजपूत, अखिलेश साहू, प्रहलाद, दिनेश श्रीवास्तव, अरविंद तिवारी, महेंद्र प्रताप त्रिपाठी, शंकर लाल, अनीस खान, सुरेश कुमार, धीरज सक्सेना आदि मौजूद रहे।
बेटी मां काली और कल्पना चावला भी
झांसी। अमर उजाला की अनूठी पहल ‘बेटी ही बचाएगी’ अभियान का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। रोजाना समाज के विभिन्न वर्गों के लोग इसका हिस्सा बन रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला पंचायत कर्मियों ने बेटी के हक में शपथ ली।
जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा विष्णु राय ने कहा कि बेटी है तो आज है और बेटी है तो कल है। बेटी मां काली है, तो वह कल्पना चावला भी है। वह केवल मायके व ससुराल के आंगन तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि अपनी प्रतिभा के चलते बेटी ने समाज के हर वर्ग में अग्रणी भूमिका अदा की है। इस दौरान पंचायत अध्यक्ष तथा अपर मुख्य अधिकारी कमल नारायण शुक्ला ने कर्मचारियों को बेटी के हक में शपथ दिलाई।
इस मौके पर पंचायत सदस्य प्रियंका कुशवाहा व राखी वाल्मीकि समेत अभियंता एम एल विश्वकर्मा, लेखाकार कामता प्रसाद शुक्ला, देवेंद्र धारिया, विजय नायक, राघवेंद्र चतुर्वेदी, अकीला बेगम, साधना दुबे, जयप्रकाश, रामकुमार त्रिपाठी, हरचरन लाल, अमित राय आदि मौजूद रहे।
सैकड़ों लोगों ने कहा- ‘बेटियां ही बचाएंगी’
गरौठा/ गुरसरांय/ पसैया/ पूंछ/ (झांसी)। अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे बेटी ही बचाएगी अभियान का सफर शनिवार को वकुवां, पूंछ, गरौठा होता हुआ गुरसरांय पहुंचा। यहां अभिनय गुरुकुल ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक कर लोगों को बेटियों को बराबरी का अधिकार देने के लिए जागरूक किया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने संकल्प पत्र भरकर बेटियों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
अमर उजाला बेटी ही बचायेगी अभियान को लेकर गरौठा के लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। शनिवार को कसबा के मारकुआं बस स्टैंड पर अमर उजाला कार्यालय के सामने अभिनय गुरुकुल ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक कर बेटी के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया। जैसे ही नुक्कड़ नाटक शुरू हुआ लोग काम छोड़कर अभियान में शामिल होने लगे। देव दत्त बुधौलिया के नेतृत्व में शरद नामदेव, मुनीब आरिफ, ब्रह्मदीन बंधु, वीरेंद्र सिंह भदौरिया, मोन्टी आदि ने नाटक के माध्यम से बेटी को बराबरी का दर्जा देने का संदेश दिया। मंचन के उपरांत उपस्थित लोगों ने बेटी बचाने की शपथ लेते हुए संकल्प पत्र भरे। इस दौरान दो सैकड़ा से अधिक संकल्प पत्र भरे गए। व्यापार सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज पिपरसानियां, महामंत्री राजू तूर्रे वाले, मित्र सामाजिक संस्था के महामंत्री गोविंद नारायण गुप्ता, प्रधान रामाधार यादव ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के खिलाफ टीम बनाकर अभियान चलाया जायेगा।
इसके बाद टीम गुरसरांय पहुंची, जहां मोदी तिराहे और मुख्य बाजार के हनुमान जी मंदिर के पास कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। नाटक को देख अभिभूत हुए सैकड़ों लोगों ने बेटियों की सुरक्षा की सौगंध ली। नगर के जैन समाज के प्रमोद जैन, गुलाब चंद जैन, बंटी जैन, डीकू जैन आदि लोगों ने बेटियों को बचाने के लिए जागरूकता पैंफलेट प्रकाशित कराकर वितरित किए। इस अवसर पर धर्मेंद्र यादव पूर्व पार्षद, वसंत मोदी, ओमप्रकाश अग्रवाल, ओमप्रकाश लाला, रामजी अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, अतर सिंह फौजी, महेश मोदी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
ग्राम वकुवां में भी कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को बेटियों की सुरक्षा व भ्रूण हत्या न करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर उदयपाल सिंह पूर्व प्रधान, रामगुलाम गुप्ता, भानु प्रताप, मुन्ना सिंह, महेंद्र पाल सिंह, छोटेलाल कुशवाहा, मथुरा प्रसाद तिवारी, राजीव द्विवेदी, विनय कुमार राजपूत, अरविंद कुमार, अभिषेक कनकने, रंजो राजा, शिवानी मिश्रा, वर्षा, दीक्षा कुशवाहा, मोहनी कुशवाहा आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में पूंछ कसबे के बस स्टैंड पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर बेटी बचाने के लिए संकल्प पत्र भरवाया। कसबा के मोहित साहू, विजय यादव, विकास अग्रवाल, राजेश सविता, ज्ञानेंद्र सिंह, जयकुमार, नरेंद्र सविता, जापानी साहू सहित सैकड़ों लोगों ने संकल्प पत्र भरे।