झांसी। प्रशासन ने नोटिस जारी कर योग वेदांत समिति से ग्वालियर रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के मालिकाना हक के दस्तावेज मांगे हैं। बृहस्पतिवार को समिति के अधिवक्ता को नोटिस प्राप्त करा दिया गया है।
ग्वालियर रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम की भूमि के मालिकाना हक को लेकर विवाद पैदा हो गया है। तहसील अमले द्वारा की गई जांच में आश्रम की 35000 वर्गफुट जमीन नजूल की बताई गई है। इस पर नगर मजिस्ट्रेट आर पी मिश्रा ने योग वेदांत समिति के अध्यक्ष खातीबाबा निवासी रामस्वरूप गुप्ता को नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्हें एक सप्ताह के भीतर जमीन के मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। समिति की ओर से अधिवक्ता राजीव नायक को बृहस्पतिवार को नोटिस उपलब्ध करा दिया गया है। अधिवक्ता के अनुसार समिति अध्यक्ष वर्तमान में विदेश में हैं, लेकिन वह जल्द ही यहां आने वाले हैं। प्रशासन को जमीन संबंधी कागजात तय अवधि में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उनका कहना है कि वैधानिक रूप से समिति का उक्त भूमि पर हक है। प्रशासन की ओर से बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। हालांकि, जांच से समिति को कोई गुरेज नहीं है।